Home » Jamshedpur News : बेकाबू कार ने किनारे खड़ी 5 बाइकों में मारी टक्कर, नशे में धुत था चालक!

Jamshedpur News : बेकाबू कार ने किनारे खड़ी 5 बाइकों में मारी टक्कर, नशे में धुत था चालक!

Jamshedpur News : हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार और उसके चालक को मौके पर ही धर दबोचा।

by Kanchan Kumar
Jamshedpur Accident: Car Hits Five Parked Bikes
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : शुक्रवार की शाम हाता का बिरसा चौक अचानक तेज आवाज और चीख-पुकार से दहल उठा। चाईबासा की तरफ तेजी से जा रही एक सुजुकी कार अचानक सड़क पर अपना संतुलन खो बैठी। इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, बेकाबू कार ने सड़क किनारे सिलसिलेवार खड़ी पांच मोटरसाइकिलों और स्कूटी को रौंद दिया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई पैदल यात्री या वाहन चालक इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

बाइक के परखच्चे उड़ गए

शाम करीब 5 बजे हुए इस हादसे का दृश्य काफी खौफनाक था। तेज रफ्तार कार (संख्या JH 01 DL/1111) ने पार्किंग में खड़ी दो हीरो बाइक, एक पल्सर और दो स्कूटी को इतनी जोर से टक्कर मारी कि उनके परखच्चे उड़ गए। चश्मदीदों के मुताबिक, कार को हेंसड़ा स्थित एक प्लांट का कर्मचारी टिशू मिश्रा चला रहा था। टक्कर के धमाके सुनते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

​गुस्साए लोगों ने चालक को घेरा

हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार और उसके चालक को मौके पर ही धर दबोचा। प्रत्यक्षदर्शियों का साफ कहना था कि चालक शराब के नशे में पूरी तरह धुत था, जिसके कारण उसने कार पर से नियंत्रण खो दिया। वाहनों के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से नाराज लोग मौके पर ही नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे, जिससे कुछ देर के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

​पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की भनक लगते ही पोटका थाना पुलिस की टीम तुरंत बिरसा चौक पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और भीड़ को वहां से हटाया। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चालक के नशे में होने के आरोपों की डॉक्टरी जांच कराई जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read Also: JAC Board Exam 2027 : यू-डायस कोड और छात्र का पेन नंबर अनिवार्य

Related Articles