RANCHI: जगरनाथपुर थाना पुलिस ने बाइक चोरी के एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की आठ मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी चोरी की बाइक के नंबर बदलकर और फर्जी कागजात तैयार कर उन्हें बेचने की फिराक में थे। सिटी एसपी पारस राणा ने जगरनाथपुर थाना परिसर में प्रेसवार्ता के दौरान ये जानकारी दी।
कई थाने में पहले से दर्ज है मामले
अपराधियों की पहचान राज उर्फ विजय सिंह, संतोष उर्फ करण ठाकुर और विनीत उर्फ प्रिंस पासवान के रूप में की गई हैं। सभी सिंह मोड़ हटिया क्षेत्र के रहने वाले है। सिटी एसपी ने बताया कि इनके खिलाफ पहले से कई थानों में बाइक चोरी के मामले दर्ज हैं। अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
सिटी एसपी ने बताया कि 9 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि हेसाग तालाब के पास कुछ असामाजिक तत्व चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ घूम रहे हैं और नशापान व अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर जगरनाथपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने हेसाग तालाब और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर तीन युवकों को चोरी की तीन मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया।
इन जगहों पर करते थे चोरी
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे हेसाग तालाब के पास स्थित रिसॉर्ट, सार्वजनिक भवनों और सुनसान स्थानों में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद ग्राहकों को बुलाकर बाइकों को बेच दिया जाता था। अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें तीन बुलेट, 3 स्प्लेंडर प्रो और एक होंडा साइन व पैशन प्रो बाइक शामिल है।

