Home » Jamshedpur AIDSO : एआईडीएसओ ने मनाया 71वां स्थापना दिवस, शिक्षा को बचाने के लिए छात्रों से एकजुट का आह्वान

Jamshedpur AIDSO : एआईडीएसओ ने मनाया 71वां स्थापना दिवस, शिक्षा को बचाने के लिए छात्रों से एकजुट का आह्वान

by Rajesh Choubey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (AIDSO) की पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर साकची आमबागान मैदान से भव्य रैली निकाली। रैली में छात्र-छात्राओं ने साकची गोलचक्कर से उपायुक्त कार्यालय तक मार्च किया। इस दौरान शैक्षणिक समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया।

शिक्षा बचाने की लड़ाई

संगठन के प्रदेश कोषाध्यक्ष युधिष्ठिर कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि एआईडीएसओ शिक्षा के जनवादी, धर्मनिरपेक्ष और वैज्ञानिक स्वरूप को बचाने के लिए छात्रों को संगठित कर रहा है। उन्होंने कहा, “यह केवल शिक्षा बचाने की नहीं, बल्कि सभ्यता और इंसानियत बचाने की लड़ाई है।” वर्तमान में प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक की स्थिति दयनीय है।

युधिष्ठिर ने सरकार की नई शिक्षा नीति-2020 की आलोचना करते हुए इसे शिक्षा के निजीकरण और साम्प्रदायीकरण का ब्लूप्रिंट बताया। उन्होंने कहा कि नई नीति के तहत शिक्षा पर सरकारी नियंत्रण बढ़ाकर इसे केंद्रीकृत करने का प्रयास किया जा रहा है।

नई शिक्षा नीति के खिलाफ आंदोलन

जिला सचिव शुभम झा ने कहा कि “राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020” सरकारी शिक्षा व्यवस्था को नष्ट करने और शिक्षा का पूर्ण व्यवसायीकरण करने की योजना है। इसका उद्देश्य धर्मनिरपेक्ष और वैज्ञानिक शिक्षा के बचे-खुचे अवशेषों को समाप्त करना है। इस नीति के कारण स्कूलों और विश्वविद्यालयों में बेतहाशा फीस वृद्धि हो रही है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे शिक्षा को बचाने के लिए संगठित हों।

प्रमुख मांगे

  • सभी रिक्त पदों पर शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों की तत्काल बहाली की जाए।
  • कोल्हान विश्वविद्यालय में जेनरिक और मैथड पेपर की परीक्षा जल्द आयोजित हो।
  • छात्रों के लिए निशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जाए।
  • प्राइवेट स्कूलों में फीस वृद्धि और अन्य खर्चों पर रोक लगाई जाए।
  • नशाखोरी, पोर्नोग्राफी और शराब की दुकानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
  • छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
  • पाठ्यक्रम में आजादी आंदोलन के क्रांतिकारियों और नवजागरण काल के महापुरुषों को शामिल किया जाए।
  • जिले के स्कूल-कॉलेज में आधुनिक लैब और लाइब्रेरी की व्यवस्था हो।
  • राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को रद्द किया जाए।

क्रांतिकारी गीतों से सजी सभा

इस दौरान संगठन की सांगीतमंडली ने क्रांतिकारी गीतों की प्रस्तुति दी। सभा का संचालन जिला कार्यालय सचिव किशोर कुमार पाल ने किया। कार्यक्रम में प्रेमचंद, खुदीराम, पायल, ब्रजेश, रीमा, समीर समेत कई छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

Related Articles