Jamshedpur : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नया बस्ती में घरेलू विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी पर बीयर की बोतल से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर लिया है। घटना 24 मार्च की रात करीब 11 बजे की है।
बताया जा रहा है कि आरोपी घर में शराब पी रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी साईना परवीन ने इसका विरोध किया, जिससे नाराज होकर वह आपा खो बैठा। गुस्से में आरोपी ने बीयर की बोतल तोड़कर पत्नी पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं। किसी तरह उसने खुद को बचाया और वहां से अलग होकर अपनी जान बचाई।घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, लेकिन करीब चार दिन बाद हिम्मत जुटाकर वह बागबेड़ा थाना पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी।
इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के क्रम में पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में देर न करें और तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई संभव हो सके।

