Jamshedpur (Jharkhand) : कोल्हान के एकमात्र विधि महाविद्यालय जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज को शैक्षणिक सत्र 2025–28 में एलएलबी पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) से मान्यता मिल गई है। हालांकि, यह मान्यता केवल एक वर्ष के लिए दी गई है। कॉलेज को सत्र 2026–29 में नामांकन जारी रखने के लिए पुनः बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता के लिए आवेदन करना होगा। कॉलेज प्रशासन के अनुसार इस मान्यता के तहत कॉलेज में कुल 120 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा।
कोल्हान विश्वविद्यालय से जल्द एडमिशन शुरू करने का आग्रह
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जितेंद्र कुमार ने इस संबंध में कोल्हान विश्वविद्यालय को पत्र लिखकर नामांकन प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि सत्र 2025–28 में पहले ही लगभग छह माह की देरी हो चुकी है, जिससे छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि नामांकन प्रक्रिया में और विलंब होता है, तो शैक्षणिक कैलेंडर पूरी तरह प्रभावित हो सकता है। छात्रों और अभिभावकों को उम्मीद है कि अस्थायी मान्यता मिलने के बाद नामांकन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और भविष्य में कॉलेज को स्थायी मान्यता भी प्राप्त हो सकेगी।
काॅलेज काे नहीं मिल पा रही स्थाई मान्यता
गौरतलब है कि समुचित आधारभूत संरचना और शिक्षकों के अभाव की वजह से कॉलेज को अब तक स्थाई मान्यता नहीं मिल सकी है। हालांकि कॉलेज की ओर से इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। कॉलेज का नया भवन निर्माणाधीन है, जिसके अगले दो वर्षों में पूरा होने की संभावना है। नए भवन के निर्माण से आधारभूत सुविधाओं की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं शिक्षकों की कमी इस कॉलेज की सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। पर्याप्त संख्या में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने के कारण बार काउंसिल स्थाई मान्यता देने में संकोच कर रही है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि शिक्षकों की नियुक्ति के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
सत्र 2024-27 के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया
काॅलेज में नामांकन प्रक्रिया साल दर साल देरी से शुरू हाे रही है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि काॅलेज में सत्र 2024-27 के लिए एडमिशन की प्रक्रिया अभी भी चल रही है। जबकि, अगर समय पर दाखिला ले लिया जाता, ताे अभी तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा हाे रही हाेती। यत्र सत्र करीब डेढ़ साल विलंब है।
मान्यता मिली, जल्द शुरू हाे दाखिला
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि एलएलबी सत्र 2025-28 में काॅलेज काे एलएलबी काेर्स में दाखिले के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता मिल गई है। जल्द ही एडमिशन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस सत्र में भी 120 सीटाें के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।

