Jamshedpur : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शबीना कॉलोनी में पुलिस ने समय रहते बड़ी वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया है। 18 फरवरी को दोपहर करीब 3:10 बजे सूचना मिली कि शबीना कॉलोनी के मकान संख्या 1360 में कुछ अपराधकर्मी हथियारों से लैस होकर किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी दल का गठन किया।

नगर पुलिस उपाधीक्षक सुनील कुमार चौधरी के निर्देश पर गोलमुरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान वहां मौजूद सात लोग पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने सभी को मौके पर ही पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने दो ई-सिगरेट, चार कारतूस, एक देशी पिस्टल, एक काले रंग की स्कॉर्पियो, एक बेस बैट, एक लोहे का चापड़, एक जंग लगा भुजाली, एक चाकू और 22,500 रुपये नकद बरामद किए। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर बरामद सामान जब्त कर लिया गया।
इस मामले में गोलमुरी थाना में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना लाया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने की साजिश पर रोक लगी है और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम सफलता मानी जा रही है।

