Dhanbad : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन गुरुवार को धनबाद पहुंचेंगे। यहां सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो के भाई का श्राद्धकर्म है। मुख्यमंत्री श्राद्धकर्म में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय से इस संबंध में धनबाद जिला प्रशासन को आधिकारिक पत्र मिलने के बाद बुधवार को ही प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गईं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद कर ली गई है। सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव, सिंदरी के एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम, ट्रैफिक डीएसपी और सीओ प्रकाश कुमार आदि ने बलियापुर की हवाई पट्टी को तैयार करा दिया है, ताकि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर यहां उतार सके।
हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा चाक-चौबंद है। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का इंतजार किया जा रहा है। ट्रैफिक नियंत्रण और वीआईपी मूवमेंट को लेकर अधिकारियों को भी बुधवार को ही ब्रीफ कर दिया गया है। दोपहर 12:25 पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर बलियापुर हवाई पट्टी पर उतरने का कार्यक्रम है। लेकिन, बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर कुछ लेट उतरेगा।
हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से बड़ादहा फार्म हाउस के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री का कारकेड बलियापुर हवाई पट्टी के करीब पहुंच चुका है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री बड़ादहा फार्म हाउस पर रुक कर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करेंगे और शोक संवेदना प्रकट करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:25 पर मुख्यमंत्री बलियापुर हवाई पट्टी पहुंचेंगे और यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए रांची के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। लेकिन, अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के लेट आगमन की वजह से उनका प्रस्थान भी कुछ लेट होगा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

