Chakradharpur : दक्षिण पूर्व रेलवे के एकमात्र मान्यता प्राप्त यूनियन दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन की वर्ष 2026 की पहली जोनल PNM बैठक 21-22 मई को कोलकाता स्थित महाप्रबंधक सभागार में संपन्न हुई। दो दिवसीय बैठक में रेलवे कर्मचारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा के बाद प्रबंधन ने कई मांगों पर सहमति जताई। बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन और मुख्य कार्मिक अधिकारी महेन्द्र प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यूनियन की ओर से महासचिव गौतम मुखर्जी और अध्यक्ष मलय बनर्जी के साथ चक्रधरपुर मंडल के केंद्रीय पदाधिकारी एमके. सिंह, जवाहर लाल, शिवजी शर्मा, एके. सिंह समेत सभी मंडलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
स्वास्थ्य और रेस्ट रूम को लेकर बड़े फैसले
कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सहमति बनी कि दक्षिण पूर्व रेलवे के सभी मंडल अस्पतालों में ICU, वेंटिलेटर और डायलिस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही रेलवे अस्पतालों में नियमित और पूर्णकालिक डॉक्टरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए हावड़ा में रेस्ट रूम की बेहतर व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी।
स्टेशन सुविधाओं में सुधार
रेलवे कर्मचारियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर निशुल्क शौचालय और वाहन पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। चक्रधरपुर मंडल के ट्रेन मैनेजरों के लिए हावड़ा रनिंग रूम में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जाएगी। वहीं सरडेगा स्टेशन भवन में यात्रियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाने का निर्णय लिया गया।
काम के घंटे और लंबित भुगतान पर राहत
बैठक में “सिस्टर लाबी” के प्रावधान को निरस्त करने पर सहमति बनी। साथ ही रनिंग कर्मचारियों से अत्यधिक घंटे कार्य कराने संबंधी आदेश को जल्द समाप्त करने का आश्वासन दिया गया। कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित TA, OT और NDA के भुगतान को शीघ्र करने पर भी सहमति बनी।यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के हित में लिए गए ये निर्णय उनके कार्य-जीवन को बेहतर बनाएंगे।
Read Also- Toklo News : टोकलो में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 1600 किलो जावा महुआ नष्ट, 5 अवैध भट्टियां ध्वस्त

