चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को टोकलो थाना अंतर्गत माली साई गांव में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।
टोकलो थाना प्रभारी के नेतृत्व में चली इस छापेमारी में उत्पाद विभाग की टीम भी शामिल रही। कार्रवाई के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। मौके से करीब 1600 किलो जावा महुआ जब्त किया गया, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके साथ ही 40 लीटर चुलाई देसी शराब भी बरामद की गई।
अवैध शराब भट्टियों को मौके पर ही किया गया ध्वस्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध शराब बनाने के पांच ठिकानों को चिह्नित किया। सभी अवैध शराब भट्टियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए।
उत्पाद विभाग के साथ मिलकर चलाया गया संयुक्त अभियान
टोकलो थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार की सूचना मिल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि नशे का अवैध कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि जिले में नशा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम लगातार ग्रामीण इलाकों में छापेमारी कर रही है। इससे पहले भी कई थाना क्षेत्रों में अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया जा चुका है।
अवैध शराब के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें- पुलिस प्रशासन
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। पुलिस का कहना है कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। छापेमारी से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

