
रांची: झारखंड सरकार ने राज्य के झारखंड भू-संपदा नियामक प्राधिकरण (रेरा) का अध्यक्ष रिटायर आईपीएस अधिकारी अजय कुमार सिंह को नियुक्त किया है। वहीं सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नलिन कुमार को रेरा का सदस्य बनाया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
सरकार ने यह नियुक्ति भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 की धारा-22 तथा झारखंड भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) नियमावली, 2017 के प्रावधानों के तहत गठित चयन समिति की अनुशंसा के आधार पर की है।
अधिसूचना के अनुसार, अध्यक्ष और सदस्य की सेवा अवधि, वेतन-भत्ते तथा अन्य सेवा शर्तें रेरा अधिनियम, 2016 एवं झारखंड रेरा नियमावली, 2017 में निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप होंगी।
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार के हस्ताक्षर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई गई है।

