
Ranchi : झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव सोमवार को रांची के हिनू स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे लंबी पूछताछ जारी है। ईडी की टीम कथित शराब घोटाले से जुड़े आर्थिक लेन-देन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उनसे कई अहम सवाल पूछ रही है।
जानकारी के अनुसार, ईडी ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रोहित उरांव से पूछताछ शुरू की। एजेंसी अब तक जुटाए गए दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह जानने की कोशिश कर रही है कि कथित शराब घोटाले से जुड़े आर्थिक लेन-देन या अन्य गतिविधियों में उनकी कोई भूमिका या जानकारी रही है या नहीं।
बताया जा रहा है कि ईडी की जांच का केंद्र झारखंड के कथित शराब घोटाले और इससे जुड़े कारोबारी योगेंद्र तिवारी से संबंधित मामले हैं। इसी सिलसिले में रोहित उरांव को दूसरा समन जारी कर छह जुलाई को ईडी कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था।
वहीं, पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव को भी ईडी ने सात जुलाई को पूछताछ के लिए तलब किया है। एजेंसी उनसे भी मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल-जवाब करेगी। माना जा रहा है कि उनकी पेशी के बाद जांच को नई दिशा मिल सकती है।
इससे पहले ईडी ने रोहित उरांव को 29 जून और रामेश्वर उरांव को 30 जून को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि दोनों ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए तीन सप्ताह का समय मांगा था। ईडी ने इस अनुरोध पर आंशिक सहमति जताते हुए केवल एक सप्ताह की मोहलत दी और नए समन जारी कर रोहित उरांव को छह जुलाई तथा रामेश्वर उरांव को सात जुलाई को उपस्थित होने का निर्देश दिया।
फिलहाल रोहित उरांव से पूछताछ जारी है, जबकि मंगलवार को रामेश्वर उरांव की प्रस्तावित पेशी पर भी सभी की नजरें टिकी हैं। ईडी का कहना है कि जांच पूरी तरह साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

