
रामगढ़ : जिले में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में प्रिंस खान गैंग के सक्रिय सदस्य शिवराज उर्फ शिवा के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने बताया कि हथियारों की बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान आरोपी ने छिपाई गई पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा। इस कार्रवाई में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि शिवराज उर्फ शिवा को पहले ही हिरासत में लिया गया था। पूछताछ में उसने हथियार छिपाने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम उसे बरामदगी के लिए भुरकुंडा ओपी क्षेत्र स्थित रिवर साइड केंद्रीय विद्यालय के समीप लेकर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचते ही आरोपी ने छिपाई गई पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर गोली चला दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत फायरिंग की, जिसमें गोली उसके पैर में लगी। घायल आरोपी को पहले सीसीएल अस्पताल, भुरकुंडा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जेल से छूटने के बाद बड़ी वारदात की तैयारी में था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि शिवराज उर्फ शिवा 14 मई को जेल से रिहा हुआ था। इससे पहले वह राहुल दुबे गैंग और श्रीवास्तव गिरोह के लिए काम कर चुका था। वर्तमान में वह प्रिंस खान गैंग और सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़कर सक्रिय रूप से आपराधिक गतिविधियों में शामिल था।
पुलिस के मुताबिक, जेल से बाहर आने के बाद वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। उसकी गतिविधियों को लेकर रांची और धनबाद पुलिस लगातार रामगढ़ पुलिस को सतर्क कर रही थी।
चार पिस्टल और 80 कारतूस बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने हाल ही में बिहार से चार अवैध पिस्तौल और बड़ी संख्या में कारतूस मंगवाए थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पहले दो पिस्तौल और 59 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके बाद आरोपी ने खुलासा किया कि उसने दो अन्य पिस्तौल और 21 कारतूस अपने साथी के पास छिपाकर रखे हैं।
साथी आरिज आलम के घर छापेमारी, दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
आरोपी की सूचना पर पुलिस ने कुजू ओपी क्षेत्र के तोपा माइंस कॉलोनी स्थित आरिज़ आलम के घर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां से दो पिस्तौल और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरिज़ आलम को भी गिरफ्तार कर लिया है और उससे गिरोह के अन्य सदस्यों तथा हथियारों की आपूर्ति के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस तरह पूरे अभियान में पुलिस ने कुल चार अवैध पिस्तौल और 80 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
संयुक्त अभियान में कई जिलों की पुलिस रही शामिल
यह कार्रवाई रांची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने की। इस अभियान में रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा, निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान गैंग और उससे जुड़े अन्य अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा गिरोह के नेटवर्क और हथियार आपूर्ति श्रृंखला की गहन जांच की जा रही है।
Read Also- Jamshedpur Transfer Posting: जमशेदपुर में 43 ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारियों का तबादला, SSP का बड़ा फैसला

