Home » देवघर के कंपनी अधिकारी आलोक वर्मा रहस्यमय ढंग से लापता, कार चतरा में व मोबाइल लोकेशन जसीडीह का; प्रेम प्रसंग एंगल से उलझी जांच

देवघर के कंपनी अधिकारी आलोक वर्मा रहस्यमय ढंग से लापता, कार चतरा में व मोबाइल लोकेशन जसीडीह का; प्रेम प्रसंग एंगल से उलझी जांच

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Deoghar : झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह स्थित एमपी माइनिंग एंड एनर्जी लिमिटेड में हेड–बिजनेस डेवलपमेंट के पद पर कार्यरत आलोक कुमार वर्मा पिछले पांच दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। उनकी गुमशुदगी अब पुलिस के लिए बड़ी पहेली बन गई है। मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि उनकी कार चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र से लावारिस हालत में बरामद हुई, जबकि मोबाइल की आखिरी लोकेशन देवघर के जसीडीह में मिली।

धनबाद के सदर थाना क्षेत्र स्थित एलआईजी-35 हाउसिंग कॉलोनी निवासी आलोक कुमार वर्मा एक जुलाई को चतरा स्थित अपने ससुराल से लामटा मोड़ जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

इसी दिन चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के जोगियाडीह-लीलाजन पुल के पास उनकी कार लावारिस हालत में बरामद हुई। पुलिस की टेक्निकल जांच में सामने आया कि आलोक की मोबाइल लोकेशन जसीडीह में थी। जांच के दौरान यह भी पता चला कि वह जसीडीह थाना पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपने साले अमन प्रधान के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी।

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब उनकी पत्नी श्वेता प्रधान ने लावालौंग थाना में पति की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। अब चतरा और देवघर पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि परिवार के सदस्य पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि एक जुलाई को अमन प्रधान ने अपने बहनोई आलोक वर्मा की गुमशुदगी की सूचना दी थी। अब उनकी पत्नी की ओर से भी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

वहीं, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार के अनुसार, आलोक वर्मा ने अमन प्रधान के खिलाफ किडनैपिंग की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद ससुराल पक्ष को थाना बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान ससुराल पक्ष ने दावा किया कि आलोक वर्मा का जसीडीह के एक वाहन शोरूम में कार्यरत युवती से कथित प्रेम संबंध है और इसी वजह से वह पहले भी इस तरह की परिस्थितियां उत्पन्न करते रहे हैं।

फिलहाल पुलिस अपहरण, गुमशुदगी और कथित प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पांच दिन बीत जाने के बावजूद आलोक कुमार वर्मा का कोई सुराग नहीं मिलने से रहस्य और गहराता जा रहा है। दो जिलों की पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है।

Read also – Jamshedpur Murder Case : राजस्थान से नीरज सिंह की गिरफ्तारी! तस्वीर वायरल, पुलिस नहीं कर रही पुष्टि

Related Articles

Leave a Comment