
Dhanbad: मोबाइल चोरी के एक मामले का रविवार को सत्यापन करने गए गलफरबाड़ी ओपी के एएसआई उपेन्द्र यादव के साथ आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया। पुलिस की वर्दी का कालर पकड़कर हाथापाई की। मौके से दोनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार को दोनों को धनबाद जेल भेज दिया जाएगा।
बताया जाता है कि मोबाइल चोरी की शिकायत मिलने पर गलफरबाड़ी ओपी के एएसआई उपेन्द्र यादव दल बल के साथ शिवलीबाड़ी मुंडाघौड़ा स्थित आरोपी मनीष कुमार के घर पहुंचे। पूछताछ में मनीष ने मोबाइल चोरी करने की बात कबूली। कहा कि गलफरबाड़ी मोड़ के पास एक व्यक्ति की जेब से उसने मोबाइल निकाला है। इसके बाद मोबाइल को मुंडाधौडा निवासी मोनू नामक युवक को तीन हजार रूपये में बेच दिया। एएसआई यादव ने मोनू को गलफरबाड़ी मोड़ पर बुलाया और दोनों को पुलिस गाड़ी में बैठाने लगे। मोनू ने गाड़ी में बैठने से मना कर दिया व एएसआई यादव के साथ अभद्र व्यवहार किया। साथ ही सरेआम वर्दी का कालर पकड़कर हाथापाई की। मौके पर उपस्थित पुलिस जवानों ने बीच बचाव कर दोनों युवकों को जबरन गाड़ी में बैठाकर ओपी ले आए।
इस संबंध में एएसआई उपेन्द्र यादव की लिखित शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। गलफरबाड़ी ओपी प्रभारी शेखर कुमार ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार दोनों युवक को सोमवार को जेल भेज दिया जाएगा।

