
Jamshedpur : दुर्गा पूजा के मद्देनजर मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार यादव ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ने पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाने तथा अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक भीड़ होने की स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए। पंडालों में हवा की निकासी के लिए एग्जॉस्ट फैन, प्रवेश और निकास के संकेतक बोर्ड, पर्याप्त पार्किंग तथा कूड़ेदान की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने पंडालों के आसपास साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और पीने के पानी की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया। कुछ पूजा पंडालों में व्यवस्थाओं की कमी मिलने पर संबंधित पूजा समितियों से तत्काल आवश्यक सुधार करने की अपील की गई।
अपर नगर आयुक्त ने मानगो नगर निगम के कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्रतिनियुक्त कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान उपस्थित और सक्रिय रहने तथा आम लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए जिन कर्मियों की ड्यूटी विभिन्न पूजा पंडालों में लगाई गई है, वे अपने निर्धारित स्थल पर मौजूद रहें।
श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था के तहत मानगो नगर निगम की ओर से कई पूजा पंडालों में टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया गया है।
निरीक्षण के दौरान नगर प्रबंधक निशांत कुमार, दिनेश्वर यादव, प्रदीप कुमार और सफाई पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। अपर नगर आयुक्त ने दुर्गा पूजा के अवसर पर शहरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में मनाने की अपील की।

