
Jamshedpur : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो रामगढ़ जिले के नेमरा गांव पहुंचे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके अलावा, जमशेदपुर से कई जेएमएम नेता भी नेमरा पहुंचे और सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। उनकी मां रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि भी दी।

सांसद विद्युत वरण महतो ने शोकाकुल परिवार के प्रति सहानुभूति जताते हुए इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने की बात कही। उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन के साथ जुड़े पुराने संस्मरणों को भी याद किया।
सांसद ने कहा कि झारखंड अलग राज्य आंदोलन के दौरान कई कठिन परिस्थितियों में उन्हें स्वर्गीय शिबू सोरेन और रूपी सोरेन का स्नेह और सहयोग मिला था। उनके इस स्नेह ने आंदोलन के दौरान हौसला बढ़ाने और संघर्ष को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सांसद ने दिवंगत रूपी सोरेन को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति मिले।
इसके अलावा, जमशेदपुर से झामुमो नेता सरफराज हुसैन भी नेमरा पहुंचे और सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा, सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात कर हालचाल जाना और शोक संतप्त परिवार के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

