
Jamshedpur : विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ आजादनगर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तिहार तामिला की कार्रवाई की। पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ आरोपी के संभावित ठिकानों पर पहुंचकर इश्तिहार चस्पा किया और उसे निर्धारित समय के भीतर अदालत में उपस्थित होने की चेतावनी दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी असहर जमी सोहेल, जो आजादनगर थाना क्षेत्र के जाकिर नगर का निवासी है, के खिलाफ वर्ष 2022 में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में आजादनगर थाना में 7 जून 2022 के तहत तत्कालीन भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 406 और 420 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जांच के दौरान आरोपी लगातार फरार रहा। इसके बाद जमशेदपुर न्यायालय ने उसके विरुद्ध इश्तिहार जारी करने का आदेश दिया। न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में पहले इश्तिहार न्यायालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया गया, जिसके बाद रविवार को आजादनगर थाना पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ रोड नंबर-15, ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित आरोपी के संभावित आवास और थाना परिसर के मुख्य द्वार पर इश्तिहार चस्पा कर विधिवत तामिला की प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस ने साफ किया है कि अगर आरोपी निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

