
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना अंतर्गत आराहासा गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 26 वर्षीय एक युवक की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतक का शव गांव के ही उत्क्रमित मध्य विद्यालय के परिसर में बरामद किया गया है। स्थानीय पहचान के अनुसार, मृतक की शिनाख्त आराहासा निवासी देवेंद्र कोड़ाह के तौर पर हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार की शाम देवेंद्र अपने कुछ साथियों के साथ गांव में ही बैठकर ताश खेल रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई। फोन पर बातचीत करते हुए वह अचानक वहां से निकल गया और उसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटा।
अगले दिन यानी सोमवार की सुबह जब ग्रामीण स्कूल पहुंचे, तो उन्होंने उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रांगण में उसका शव देखा। मृतक का शव एक पेड़ से फंदे के जरिए लटका हुआ था और वह अर्धनग्न स्थिति में था, उसके बदन पर शर्ट नहीं थी। विद्यालय परिसर में इस प्रकार शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने फौरन गोइलकेरा थाने की पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है कि यह पूरा मामला आत्महत्या का है या फिर किसी ने हत्या करने के बाद इसे आत्महत्या का रूप देने का षड्यंत्र रचा है।

