
रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मंगलवार को रांची के मोरहाबादी स्थित आवास पर ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रज मोहन राम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल बनाए जाने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
आदित्य साहू ने विश्वास जताया कि ब्रज मोहन राम के लंबे राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन का अनुभव ओडिशा के विकास, सुशासन और जनकल्याण को नई दिशा देने में सहायक होगा। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से राज्य में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।
मुलाकात के दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, सरोज सिंह और अमरदीप यादव, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित नीरज सिंह, सुनील साहू, राजश्री जयंती, केके गुप्ता और सुबोधकांत मौजूद रहे। इन सभी ने भी ब्रज मोहन राम को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
सांगठनिक बैठकों के जरिए भाजपा की रणनीति को धार देंगे प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल
रांची : भाजपा के झारखंड प्रदेश प्रभारी सह राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचेंगे। उनके दौरे को पार्टी के सांगठनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश कार्यालय में वे विभिन्न सांगठनिक बैठकों में शामिल होकर संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा करेंगे। बैठकों में प्रदेश में पार्टी की सांगठनिक स्थिति को मजबूत करने, संगठन के कामकाज में समन्वय बढ़ाने और आगे की कार्ययोजना पर विचार होने की संभावना है। प्रदेश प्रभारी के दौरे से राज्य में पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों और भावी रणनीति को लेकर चर्चा तेज होगी।

