
Jamshedpur : शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात छिनतई की कोशिश के दौरान स्कूटी सवार भाई-बहन घायल हो गए। घटना लिट्टी चौक के पास हुई, जहां बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनका पीछा कर बैग छीनने का प्रयास किया। वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी बैग लेकर फरार हो गए।
घायलों की पहचान आदित्यपुर निवासी स्नेहा कुमारी और उनके भाई सत्यम कुमार के रूप में हुई है। दोनों सिदगोड़ा स्थित टिम कॉम फ्लैट में एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे लिट्टी चौक से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के आवास की ओर जाने वाली सड़क पर बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी स्कूटी को ओवरटेक करने की कोशिश की।
ओवरटेक के दौरान स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और भाई-बहन सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बदमाशों की बाइक भी अनियंत्रित होकर गिर गई। मौके का फायदा उठाते हुए दो बदमाशों ने स्नेहा के हाथ से बैग छीन लिया और वहां से फरार हो गए। हालांकि तीसरे बदमाश को आसपास मौजूद लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर उसके फरार साथियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

