हजारीबाग : उपायुक्त हेमन्त सती ने शुक्रवार को सीएम उत्कृष्ट विद्यालय (जिला स्कूल) का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने बच्चे एवं शिक्षकों से पढ़ाई को लेकर खुलकर बातें कीं। बच्चों से पूछा- भविष्य में आप क्या बनना चाहते हैं। आपके लक्ष्य क्या हैं। साथ ही लक्ष्य प्राप्ति के लिए सफलता के मंत्र भी दिए।
उन्होंने 12वीं की परीक्षा में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन नहीं होने पर चिंता चताई। विद्यालय की प्राचार्या निकिता कुमारी शिक्षण व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत
उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों के कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि विद्यालय का शैक्षणिक प्रदर्शन बेहतर हो सके। बच्चों की उपस्थिति की भी समीक्षा की तथा विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया।
उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता की जानकारी ली। प्राचार्या ने बताया कि कक्षा 6 से 12 तक यहां कुल 520 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। उन्हें पढ़ाने के लिए सभी विषयों के लिए कुल 28 शिक्षक कार्यरत हैं।
लक्ष्य के अनुसार तैयारी करने को किया प्रेरित
उपायुक्त ने छात्रों से उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में जानकारी ली और उन्हें लक्ष्य के अनुसार तैयारी करने को प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के बेहतर तरीके भी बताए।
समझाया- किसी भी विषय की गहराई से समझ विकसित करें। पिछले 10 से 12 वर्षों के प्रश्नपत्रों का अध्ययन करें। जिन प्रश्नों को समझने में कठिनाई हो, उन्हें शिक्षकों से पूछें तथा मोबाइल का सकारात्मक उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री का लाभ उठाएं। अनुशासित रहकर पूरी मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।
पढ़ाई पूर्ण होने के बाद नियमित रूप से लें टेस्ट
उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक अध्याय की पढ़ाई पूर्ण होने के बाद नियमित रूप से टेस्ट आयोजित करें तथा विद्यार्थियों को लिखकर अभ्यास करने के लिए प्रेरित करें।
निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने विद्यालय परिसर का अवलोकन किया तथा प्राचार्यां को आवश्यक संसाधनों से संबंधित किसी भी समस्या को प्रशासन के संज्ञान में लाने को कहा।
Read Also: RANCHI NEWS : राजधानी में कई थाना प्रभारियों का हुआ तबादला, देखें पूरी लिस्ट

