
Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार की देर रात कार्रवाई करते हुए टीम ने एक शातिर मोबाइल चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बागबेड़ा के गांधीनगर निवासी सोनू कुमार राव उर्फ गडजला के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। जांच में पता चला कि यह मोबाइल महाराष्ट्र के यात्री ऋषिकेश अशोक घोराड़े का है, जिसे आरोपी ने स्टेशन परिसर या ट्रेन में मौका देखकर चुरा लिया था।
पुलिस के अनुसार सोनू राव का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। वह पूर्व में भी चोरी और रेलवे से जुड़े अन्य अपराधों में शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी को स्टेशन क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है, जिससे ऐसे अपराधों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
यह पूरी कार्रवाई आरपीएफ चक्रधरपुर के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त और रेल पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार, जमशेदपुर के निर्देश पर की गई। गुप्त सूचना के आधार पर स्टेशन परिसर में निगरानी बढ़ाई गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आरोपी को पकड़ा गया।
चक्रधरपुर रेल थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रेल थाना टाटानगर के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी गिरोह से जुड़ा है या अकेले ही वारदात को अंजाम देता था। साथ ही उसके द्वारा पहले की गई अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच की जा रही है।

