
Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र में नौ वर्षीय छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। यह छेड़खानी ऑटो चालक ने की है। घटना तब की है जब ऑटो चालक डीएवी पब्लिक स्कूल से बच्चों को लेकर उनके घर छोड़ने जा रहा था। घर पहुंचने पर छात्रा ने सारी बात अपने पिता को बताई। इसके बाद उसके पिता कदमा थाने गए। कदमा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी ऑटो चालक लाल बाबू को गिरफ्तार कर लिया है। उसे जेल भेजा जा रहा है। लाल बाबू ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। लाल बाबू कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर 2 का रहने वाला है। जबकि छात्रा भाटिया बस्ती की रहने वाली है। पूरे मामले की जांच कदमा थाना के एएसआई तसव्वर हुसैन खान को सौंपी गई है। घटना 17 अगस्त की बताई जा रही है। कदमा थाना पुलिस ने बताया की वादी के पिता ने मंगलवार को पुलिस से इस मामले की शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। बुधवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि ऑटो चालकों द्वारा छात्राओं से छेड़छाड़ का यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं और इन घटनाओं के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पहले भी घट चुकी हैं कई घटनाएं
इस तरह की छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटनाएं पहली भी घट चुकी हैं। इनमें से कुछ घटनाओं का जिक्र हम यहां कर रहे हैं।
इसी साल 27 जनवरी को टेल्को कॉलोनी के रहने वाले वैन चालक मनोज कुमार पर बिरसानगर की रहने वाली 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा था। पुलिस ने वैन चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पिछले साल 18 फरवरी को बिष्टुपुर में कक्षा 6 में पढ़ने वाली छात्रा के साथ वीरेंद्र नमक मानगो निवासी ऑटो चालक ने छेड़छाड़ की थी। वह छात्रा को लेकर जुबली पार्क पहुंच गया था। यहां लोगों ने उसे पकड़ कर जमकर पिटाई की थी और पुलिस को सौंप दिया था। 11 अगस्त साल 2024 को मानगो की एक छात्रा के साथ ऑटो चालक जयश्री ने दुष्कर्म किया था। इस मामले में भी पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को पकड़ कर जेल भेजा था। उसका ऑटो भी जप्त कर लिया गया था।

