Jamshedpur : गोलमुरी थाना से 50 मीटर दूर फल कारोबारी समाजसेवी कन्हैया यादव हत्याकांड का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों ने गुरुवार को गोलमुरी में सड़क जाम लगाया। परिजन सड़क पर बैठ गए। प्रदर्शन करने वालों में मृतक की बेटी और परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं।

परिजनों का आरोप है कि कन्हैया यादव ने घटना से तीन दिन पहले थाने पर जाकर लिखित आवेदन दिया था और उसमें बताया था कि कुछ लोग उसकी रेकी कर रहे हैं। उसकी हत्या करने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। पुलिस कार्रवाई करती तो हो सकता है कि यह घटना ना घटती।
दूसरी तरफ, पुलिस ने इस मामले के दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई थी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ग्रामीण एसपी का कहना है कि जल्द ही सभी हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि फल कारोबारी कन्हैया यादव को बुधवार को लगभग 11:00 बजे गोली मार दी गई थी। बाइक सवार दो बदमाश आए थे और तीन गोलियां चलाई थीं। घटनास्थल पर मौजूद परिजनों ने फौरन कन्हैया यादव को अस्पताल पहुंचाया था। लेकिन, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। परिजनों का कहना है कि कन्हैया यादव का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। जिन लोगों से कन्हैया का विवाद था।
वह लोग आपराधिक प्रवृत्ति के थे। इन लोगों ने कन्हैया यादव के पड़ोस में घर में घुसकर मारपीट की थी। कन्हैया यादव समाजसेवी थे। उन्होंने मामले की शिकायत थाने पर की थी और आरोपियों को जेल भिजवाया था। इसी का बदला लेने के लिए घटना को अंजाम दिया गया है।

