Jamshedpur : झारखंड की औद्योगिक राजधानी कहे जाने वाले जमशेदपुर के धतकीडीह तालाब में गुरुवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। बेल्डीह गोल्फ कोर्स से सटे इस तालाब में सैकड़ों मछलियां मृत अवस्था में पाई गईं। अचानक हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी और हैरानी का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तालाब में मरी हुई एक-एक मछलियों का वजन करीब 5 से 8 किलो के बीच है, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो जाता है। इतनी बड़ी संख्या में मछलियों की एक साथ मौत कैसे हुई, इसका अब तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। कुछ लोगों का कहना है कि तालाब में आक्सीजन की कमी हो गई होगी। इस वजह से तालाब में मछलियां मरीं हैं। जांच की मांग की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब की देखरेख से जुड़े एंगलिंग क्लब के सदस्य इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। वहीं सफाई कर्मियों ने भी इस संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे पानी में प्रदूषण या जहरीले तत्व के कारण हुई घटना मान रहे हैं, जबकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है

