Jamshedpur : जमशेदपुर में स्वान प्रेमियों के लिए एक बड़ी और यादगार सौगात मिलने जा रही है। जमशेदपुर केनेल क्लब के तत्वावधान में 9 से 11 जनवरी तक लगातार तीन दिनों तक इस चैम्पियनशिप का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित आयोजन जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तीरंदाजी मैदान में होगा।बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जमशेदपुर केनेल क्लब की अध्यक्ष रुचि नरेंद्रन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस तीन दिवसीय मेगा इवेंट में देश और विदेश से आए 326 वर्ल्ड-क्लास डॉग हिस्सा लेंगे। इनमें जमशेदपुर केनेल क्लब से जुड़े 38 स्वान भी शामिल हैं।
डॉग शो में कुल 43 अलग-अलग डोमेस्टिक और इंटरनेशनल ब्रीड के स्वान दर्शकों को देखने को मिलेंगे।इस आयोजन का उद्घाटन टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेन्द्रन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान ओबीडिएंस प्रतियोगिता, लैब्राडोर स्पेशलिटी शो, बीगल स्पेशलिटी शो और ऑल ब्रीड्स चैम्पियनशिप शो का आयोजन किया जाएगा।रुचि नरेंद्रन ने बताया कि ओबीडिएंस प्रतियोगिता को देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में गिना जाता है।
इस वर्ष इसमें कुल 39 डॉग भाग ले रहे हैं, जिनमें 20 डॉग पोस्ट-ग्रेजुएट लेवल की प्रतिस्पर्धा में उतरेंगे, जबकि 7 डॉग साथी मूल्यांकन श्रेणी में शामिल होंगे, जिनका उपयोग सेवा और चिकित्सकीय कार्यों में किया जाता है।चैम्पियनशिप शो में ‘बेस्ट इन शो’ के खिताब के लिए डॉग अपनी उत्कृष्ट बनावट, वंशावली, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में तिब्बती मास्टिफ, चाउचाउ, डोगो अर्जेंटिनो, इंग्लिश सेटर जैसी विदेशी नस्लों के साथ-साथ भारतीय देसी नस्लें भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कारवां हाउंड, कोंबाई, मुधोल हाउंड, पश्मी और राजापलायम जैसी भारतीय नस्लें अपनी खास पहचान और फुर्ती से भारतीय कैनाइन विरासत को मजबूती से प्रस्तुत करेंगी।इस डॉग शो को जज करने के लिए भारत से फिलिप बट और फिनलैंड से इरिना पोलेटाएवा सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त जज मौजूद रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह डॉग शो न केवल स्वान प्रेमियों बल्कि बच्चों और परिवारों के लिए भी एक खास अनुभव होगा और जमशेदपुर को कैनाइन स्पोर्ट्स के नक्शे पर नई पहचान दिलाएगा।

