Home » Jamshedpur Durga Puja : जमशेदपुर में 351 स्थानों पर होगी दुर्गा पूजा, छह नए पूजा स्थलों का इजाफा

Jamshedpur Durga Puja : जमशेदपुर में 351 स्थानों पर होगी दुर्गा पूजा, छह नए पूजा स्थलों का इजाफा

12 सितंबर को टाउन हॉल में आमसभा, पूजा-विसर्जन की तिथि और समय पर होगा फैसला

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की आगामी आमसभा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भालूबासा स्थित मिस्टी इन होटल के सभागार में समिति के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में 12 सितंबर को टाउन हॉल में प्रस्तावित आमसभा की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष जमशेदपुर में कुल 351 स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन होगा, जबकि पिछले वर्ष की तुलना में छह नए स्थानों पर पूजा समितियों का गठन हुआ है। आमसभा में आगामी दुर्गा पूजा के दौरान पूजा एवं विसर्जन कार्यक्रम की तिथि और समय निर्धारित किए जाएंगे।
बैठक में पूजा समितियों के समक्ष आने वाली विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। बिजली, साफ-सफाई, यातायात, सुरक्षा, विसर्जन व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर पूजा समितियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

पदाधिकारियों ने कहा कि आमसभा में शहर की अधिक से अधिक पूजा समितियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। समितियों की समस्याओं और सुझावों को आमसभा में प्रमुखता से रखा जाएगा तथा उनके समाधान के लिए प्रशासन के समक्ष आवश्यक पहल की जाएगी।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय समिति का उद्देश्य शहर की सभी दुर्गा पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण, भव्य और व्यवस्थित दुर्गा पूजा का आयोजन सुनिश्चित करना है।

बैठक में समिति के अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता, महामंत्री आशुतोष सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष अशोक सिंह एवं गौतम प्रसाद, संरक्षक भीष्म सिंह, मानगो जोन के सचिव अर्जुन शर्मा, सुनील सिंह, राजीव सिंह, अजय शर्मा, सेंट्रल जोन-ए से ओमियो ओझा, मनोरंजन गौड़, शोभिक ओझा, संतोष कुमार, सेंट्रल जोन-बी से ततेंद्र कुमार, शंभु मुखी, अतुल प्रभात, वेस्ट जोन-ए से सुरजीत चौधरी व पी.एस. माथुर, वेस्ट जोन-बी से मनीष सिंह, हर्ष नायडू व किशोर साहू, साउथ जोन-ए से परमात्मा मिश्रा व शिवशंकर सिंह, साउथ जोन-बी से असित चक्रवर्ती, अनमोल, रामप्रसाद जायसवाल, ईस्ट जोन से पी.के. दास, नंदलाल सिंह, इंद्रजीत सिंह समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Comment