Home » Jamshedpur Durga Puja News : टेल्को ईस्ट और सोनारी वेस्ट जोन में दुर्गा पूजा की तैयारियों पर मंथन

Jamshedpur Durga Puja News : टेल्को ईस्ट और सोनारी वेस्ट जोन में दुर्गा पूजा की तैयारियों पर मंथन

सड़क, बिजली, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं उठीं, प्रशासन ने सहयोग का दिया भरोसा

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : आगामी दुर्गा पूजा के सफल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, जमशेदपुर की ओर से विभिन्न जोन में बैठकों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में टेल्को ईस्ट जोन एवं सोनारी वेस्ट जोन की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में पूजा समितियों की समस्याओं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, सड़क, बिजली और प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

टेल्को ईस्ट जोन की बैठक में उठीं कई समस्याएं

टेल्को ईस्ट जोन की बैठक सबूज कल्याण संघ में हुई। अध्यक्षता केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन नंदलाल सिंह ने किया। बैठक में बिरसानगर, टेल्को एवं गोविंदपुर थाना प्रभारियों ने पूजा समितियों को भरोसा दिलाया कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसके समाधान के लिए प्रशासन आवश्यक सहयोग और कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के महामंत्री आशुतोष सिंह ने कहा कि पूजा से संबंधित प्रशासनिक अथवा कंपनी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए समिति संबंधित विभागों एवं कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक पहल करेगी।

बैठक में पूजा समितियों ने सड़क, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। गेल की पाइपलाइन के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेड़ों की ट्रिमिंग, गुड़ाबांधा रोड की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, अवैध पार्किंग, बिरसानगर क्षेत्र की सड़कों की स्थिति तथा बारीडीह बाजार से बिरसानगर जाने वाले मार्ग पर जाम की समस्या प्रमुख रही।

पूजा लाइसेंस में नाम स्थानांतरण का उठा मुद्दा

नवजीवन कॉम्प्लेक्स दुर्गा पूजा कमेटी ने गेल की पाइपलाइन कार्य से उत्पन्न सड़क संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए गेल के पदाधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कराने की मांग की। वहीं बिरसानगर जोन नंबर-3 दुर्गापूजा कमेटी ने पूजा लाइसेंस में नाम स्थानांतरण से जुड़ी परेशानियां उठाया।
पूजा समितियों ने पंडालों तक आने-जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं को रात के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अभिभावक रामबाबू सिंह, महामंत्री आशुतोष सिंह, नंदलाल सिंह, चंद्रभान सिंह, प्रमोद तिवारी एवं प्रदीप दास सहित टेल्को, गोविंदपुर एवं बिरसानगर थाना प्रभारी तथा विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

सोनारी वेस्ट जोन में सुरक्षा और यातायात पर चर्चा

सोनारी वेस्ट जोन की बैठक सोनारी गुरुद्वारा में हुई। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अचिन्तम गुप्ता ने की। संचालन अभिषेक कुमार (मनीष) ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बबन शुक्ला ने किया।
बैठक में सोनारी थाना प्रभारी सुमन, डीएसपी मनोज कुमार सहित सोनारी थाना क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इंद्रजीत सिंह, राघवेंद्र मिश्रा, रुद्र प्रताप, विजय वर्धा एवं हर्ष नायडू सहित अन्य गणमान्य लोग भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, सड़क तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। पूजा समितियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समिति और प्रशासन के समक्ष रखा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा समितियों को आश्वस्त किया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। पूजा समितियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन और समिति के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर भी जोर गया।

केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने कहा कि दुर्गा पूजा धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक सौहार्द का पर्व है। समिति का उद्देश्य शहर के सभी पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्रशासन, पूजा समितियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
बैठक के अंत में सभी पूजा समितियों ने आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग और समन्वय बनाए रखने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Comment