
चाईबासा : करम पर्व के पावन अवसर पर उरॉंव सरना समिति, चक्रधरपुर द्वारा चक्रधरपुर सेरसा स्थित इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में दो दिवसीय भव्य फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन खिलाड़ियों से औपचारिक परिचय प्राप्त कर किया गया। इस खेल आयोजन में कुल 40 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन सोमवार, 28 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
उद्घाटन के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव उपस्थित रहे। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि करम पर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर और परंपरा का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन युवाओं को जोड़ने और हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने की एक सराहनीय पहल है। खेल से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि यह अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना को भी बढ़ावा देता है। उरॉंव सरना समिति का यह प्रयास बेहद प्रशंसनीय है।
रोमांचक उद्घाटन मैच
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला इंदिरा कॉलोनी और पोसईता (मनोहरपुर) की टीमों के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। निर्धारित समय और उसके बाद पेनल्टी शूटआउट तक मुकाबला बराबरी पर छूटा। अंततः परिणाम के लिए टॉस (सिक्का उछालने) का सहारा लिया गया, जिसमें इंदिरा कॉलोनी की टीम विजयी रही।
समिति के सदस्यों की उपस्थिति
इस अवसर पर उरॉंव सरना समिति के अध्यक्ष विमल खलखो, उप कोषाध्यक्ष सुरज टोप्पो, सलाहकार बबलु लकड़ा, रंजीत तिर्की, बुधराम लकड़ा, शंकर टोप्पो, महावीर उरांव, कोलचकड़ा के मुखिया अरविंद तिग्गा, अमित लकड़ा, सुरज खलखो, राजुलाल उरांव, दशरथ कच्छप्प और खुदिया कुजूर सहित कई गणमान्य लोग और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

