Jamshedpur : कोल्हान विश्वविद्यालय में लंबे समय से लंबित शैक्षणिक सत्रों को नियमित करने की कवायद अब रंग लाने लगी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मात्र 6 महीने के भीतर सत्र 2024-27 के बाद अब सत्र 2025-28 के लिए भी प्रवेश परीक्षा का सफल आयोजन कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
10 मार्च को नामांकन और परीक्षा से संबंधित सूचना जारी की गई थी और विश्वविद्यालय ने रिकॉर्ड 12 दिनों के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर परीक्षा आयोजित कर ली। कोऑपरेटिव लॉ कॉलेज में नामांकन के लिए आयोजित इस प्रवेश परीक्षा के लिए जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज को केंद्र बनाया गया था।
परीक्षा के लिए कुल 459 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। इसमें से 301 उपस्थित रहे जबकि 158 अनुपस्थित रहे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभाला। परीक्षा विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. प्रभात कुमार सिंह पर्यवेक्षक के रूप में केंद्र पर मुस्तैद रहे। केंद्राधीक्षक डॉ. अमर सिंह के नेतृत्व में परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंतरा कुमारी, उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. स्वाति सोरेन और वित्त विभाग के ओएसडी डॉ. अशोक रब्बानी ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया।
छात्रों में जगी उम्मीद
LLB सहित कई अन्य पाठ्यक्रमों के सत्र विलंबित होने से विद्यार्थी असमंजस में थे। हालांकि, वर्तमान कुलपति द्वारा सत्रों को ‘ऑन ट्रैक’ लाने के लिए दी गई समय सीमा और प्रशासनिक मुस्तैदी ने छात्रों में नई उम्मीद जगा दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि नामांकन और परीक्षाओं का आयोजन समय पर कर सभी विलंबित सत्रों को यथाशीघ्र नियमित किया जाए।
Read Also: Jamshedpur Kidnapping Case : बर्मामाइंस से किशोरी का अपहरण, पुलिस ने आरोपी को दबोच कर भेजा जेल

