- ऑनलाइन नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी “ग्लोबल ट्रेवल्स” के वेबसाइट संचालकों की तलाश में जुटी आजादनगर पुलिस
Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के मानगो स्थित आजादनगर थाना व कपाली ओपी क्षेत्र में एक बड़ा घोटाला प्रकाश में आया है। यहां स्थित मुस्लिम बहुल इलाकों में ऑनलाइन निवेश घोटाले को लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने स्थानीय ग्लोबल ट्रेवल्स कंपनी पर सैकड़ों परिवारों की जमा पूंजी ठग लिए जाने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार ग्लोबल ट्रेवल्स ने ऑनलाइन वेबसाइट नेटवर्क मार्केटिंग और लकी ड्रॉ के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है। कंपनी ने इलाके के लोगों को जल्दी मुनाफे का लालच देकर अपने जाल में फंसाया। वेबसाइट कुछ महीने पहले शुरू की गई थी।
लोगों को मुनाफे के साथ गिफ्ट का लालच देकर फंसाया
लोगों को बताया जाता था कि यदि वे 1800 से लाखों रुपये तक निवेश कर सकते हैं। कंपनी की ओर से निवेशकों को हर सप्ताह निश्चित मुनाफा मिलेगा। इतना ही नहीं, निवेशक अगर अपने रेफरल लिंक से दूसरों को जोड़ेंगे तो उन्हें अतिरिक्त बोनस और गिफ्ट भी दिए जाएंगे। लोगों का भरोसा जीतने के लिए कंपनी ने लकी ड्रॉ के माध्यम से फ्रीज, एसी, कूलर और गोल्ड कॉइन जैसे आकर्षक उपहार भी बांटे। इससे कई लोग लालच में आकर इस योजना में निवेश करते चले गए।
वेबसाइट पर मैसेज देख निवेशकों में हड़कंप
इस बीच शनिवार की रात अचानक वेबसाइट पर एक नोटिफिकेशन आया—“तकनीकी कारणों से रेडीम (पैसे निकालना) अस्थायी रूप से बंद है। यह संदेश देखते ही निवेशकों में हड़कंप मच गया। सुबह सैकड़ों लोग ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित जेसु भवन के पास शॉपिंग सेंटर अपार्टमेंट पहुंचे, जहां ग्लोबल ट्रेवल्स का ऑफिस बताया जा रहा था। लोग वहां पहुंचे तो ऑफिस पूरी तरह खाली पड़ा था और कोई भी कर्मचारी नहीं था।
ऑफिस में लोगों ने की तोड़फोड़
इस दौरान मंगलवार को गुस्साए निवेशकों का सब्र टूट गया और उन्होंने कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ कर दी। वहां रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान फ्रिज, एसी, पंखे और कंप्यूटर उठाकर ले गए। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। बताया जा रहा है कि इसी कंपनी का एक और ऑफिस कपाली ओपी क्षेत्र में भी संचालित था, जहां भी आक्रोशित निवेशकों ने हंगामा मचाया।
वेबसाइट संचालकों की तलाश में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार घोटाले की रकम करोड़ों में है। जानकारी मिलते ही आजादनगर थाना और कपाली ओपी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ने निवेशकों से लिखित शिकायत देने को कहा है और वेबसाइट संचालकों की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्लोबल ट्रेवल्स ने खास तौर पर मुस्लिम आबादी वाले इलाकों में भरोसा जीतने के लिए एजेंटों को लगाया था, जो मोहल्लों में घूम-घूमकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करते थे।
Read Also: Delhi Cyber Fraud : शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर साइबर ठगों ने की 3.42 लाख की ठगी

