Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता चौक पर चाकू की नोंक पर ट्रक चालक से छिनतई कर फरार हो रहे दो अपराधियों को पोटका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सक्रियता के कारण घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपितों को धर दबोचने में सफलता मिली।
आरोपी बर्मामाइंस व टुइलाडुंगरी के रहने वाले
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बर्मामाइंस निवासी विक्की सिंह और टुइलाडुंगरी निवासी आसिफ खान के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह जानकारी जादूगोड़ा इंस्पेक्टर सह पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि हाता चौक पर एक ट्रक चालक से चाकू दिखाकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद दोनों आरोपी पल्सर मोटरसाइकिल से सुंदरनगर की ओर फरार हो रहे थे।
सूचना मिलते ही पोटका पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुंदरनगर थाना पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया और संभावित इलाकों में सघन घेराबंदी की। संयुक्त पुलिस कार्रवाई के दौरान तुड़ी फुटबॉल मैदान के पास से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के पास से बरामद सामान
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से ट्रक चालक का पर्स, पर्स में रखे 4,080 रुपये नकद, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, घटना में प्रयुक्त दो चाकू तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री से स्पष्ट होता है कि लूट की घटना को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पूर्व में भी किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त रहे हैं या नहीं।
कार्रवाई में ये थे शामिल
इस कार्रवाई में पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार मुंडा, अवर निरीक्षक सुनील टूटी, बाबुजन बास्की सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना की है।

