Jamshedpur : जमशेदपुर में बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह मार्केट एरिया में अराजक तत्वों ने छह दुकानों को आग लगा दी। घटना मंगलवार की रात लगभग 2:30 बजे की बताई जा रही है। लोगों ने आग देखी तो शोर मचाया। मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस और दमकल को फोन किया। अग्निशमन विभाग की गाड़ी पहुंची और लगभग दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दुकानदारों का कहना है कि किसी ने जान-बूझकर आग लगाई है। पुलिस मामले की जांच करे और आरोपियों का पता लगाए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग किसने लगाई है।
पान और फल की फुटपाथी दुकानें जलीं
जो दुकानें जली हैं। उनमें पान और फल की दुकानें शामिल हैं। यह दुकानें मेहरबाई टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल के पास थीं। इसके अलावा, दो दुकानें उधर से धतकीडीह जाने वाले रास्ते पर थीं। एक दुकानदार वसीम ने बताया कि रात लगभग 3:00 बजे उसने शोर सुना तो वह बाहर निकला। उसने देखा कि उसकी दुकान में आग लगी हुई है। तब वह दौड़ कर आया। वसीम का कहना है कि उसकी दुकान में लगभग ₹50000 का सामान था। सब जल कर राख हो गया है।
गर्मी आने के बाद बढ़ रही हैं आग लगने की घटनाएं
गौरतलब है कि गर्मी आते ही शहर में आग लगने की घटनाओं में इजाफा हुआ है। अधिकतर आग शॉर्ट सर्किट से लगी बताई जा रही हैं। लेकिन धतकीडीह में आज इन दुकानों के जलने की घटना में ऐसा नहीं है। दुकानदारों का कहना है कि उनके यहां बिजली थी ही नहीं तो शार्ट सर्किट का सवाल कैसे उठता है। यह सभी फुटपाथ के किनारे ठेला पर लगने वाली दुकानें हैं।

