Jamshedpur : जमशेदपुर में दर्जन भर से अधिक आतंकी स्लीपर सेल (Jamshedpur Terror Network ) मौजूद होने का दावा किया जा रहा है। इनके बारे में इंटरपोल से इनपुट मिलने के बाद देश की सुरक्षा एजेंसियां तहकीकात में जुट गई हैं। एनआई इन स्लीपर सेल की तलाश कर रही है। तीन फरवरी को एनआईए की टीम ने कपाली में रेड की थी और एक युवक को हिरासत में लेकर उससे घंटों पूछताछ हुई थी। हालांकि, बाद में उसे छोड़ दिया गया। मगर, एनआईए के सूत्रों की मानें तो जमशेदपुर में 16 स्लीपर सेल के एक्टिव होने की सूचना खुफिया एजेंसियों को मिली है। इन सभी की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि (Jamshedpur Terror Network )आतंकी नेटवर्क खंगालने के लिए तीन दिन पहले एनआईए की टीम जमशेदपुर आई थी। एनआईए ने यहां सीधे कपाली थाने से संपर्क किया। कपाली से पुलिस कर्मियों को लेकर छापेमारी की गई और एक युवक को उठाया गया। युवक पर अलकायदा और आइएसआइएस के आतंकी नेटवर्क में होने का शक बताया जा रहा है। इसी को लेकर एनआईए बारबार जमशेदपुर आ रही है। सूत्रों की मानें तो साकची के मोहम्मडन लाइन में भी कुछ स्लीपर सेल के बारे में एजेंसियों को इनपुट मिला है। इन युवकों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। इनका इतिहास खंगाला जा रहा है। इसके अलावा, गोलमुरी भी एजेंसियों के निशाने पर है। यहां के भी कुछ युवकों की जांच चल रही है।
इसलिए फूंक-फूंक कर कदम बढ़ा रही एजेंसियां
गौरतलब है कि साल 2019 में एटीएस ने जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन से अलकायदा Jamshedpur Al Qaeda Module से जुड़े होने के शक में मौलाना कलीमुद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके पहले दिल्ली पुलिस के इनपुट पर अब्दुर्रहमान अलीखान उर्फ कटकी और जमशेदपुर के धतकीडीह निवासी (Jamshedpur Al Qaeda Module) मोहम्मद सामी को भी गिरफ्तार किया गया था। इनके खिलाफ कोर्ट में केस चला। पिछले साल एक मार्च को जमशेदपुर की एडीजे वन की अदालत ने मौलाना कलीमउद्दीन, अब्दुर्रहमान कटकी और मोहम्मद सामी को बरी कर दिया था। कटकी के खिलाफ 19 और सामी के खिलाफ 17 गवाह पेश किए गए थे। इसके बाद इन पर जो आरोप लगाए गए थे वह साबित नहीं हो सके थे। इसी वजह से अब खुफिया एजेंसियां फूंक फूंक कर कदम रख रही हैं। जिनके खिलाफ कोई इनपुट मिल रहा है पहले उनकी पूरी तरह से तहकीकात की जा रही है ताकि अगर किसी को जेल भेजा जाए तो उनके खिलाफ पहले से ही पुख्ता सुबूत जुटा लिए जाएं।
गोलमुरी व कपाली में हुई थी एटीएस की छापेमारी
इसी साल 13 जनवरी को दिल्ली में एयरपोर्ट पर गोलमुरी का एक युवक फर्जी पासपोर्ट के साथ पकड़ा गया था। इसके बाद एटीएस और दिल्ली पुलिस ने एक साथ मिल कर जमशेदपुर में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। इनमें टुइलाडुंगरी और कपाली शामिल है। टुइलाडुंगरी से तीन और कपाली से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। बाद में इन सभी संदिग्धों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया था। इन सभी संदिग्धों की अभी जांच चल रही है।
दो साल पहले हुई थी दो युवकों की गिरफ्तारी
जमशेदपुर में आंतकी होने के शक में पहले भी कई युवकों को गिरफ्तार किया गया है। 18 दिसंबर साल 2023 में एनआईए ने आइएसआइएस के वेल्लारी मॉड्यूल की तलाश में देश के कई शहरों में छापेमारी की थी। इसमें जमशेदपुर भी शामिल था। यहां से एनआईए ने शहबाज नामक युवक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया था।

