Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के मानगो डिमना मेन रोड स्थित चावल बाजार में गुरुवार की रात चोरों ने एक राशन दुकान को निशाना बनाया। चोरों ने ताला और कुंडी काटकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार चोरों ने दुकान से नकद रुपये और घरेलू उपयोग के सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, चावल बाजार के प्रवेश पथ पर विकास गुप्ता की राशन दुकान है। उनकी दुकान में देर रात चोरों ने कटर से मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी काट दी। शुक्रवार सुबह जब विकास गुप्ता अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दरवाजा टूटा हुआ है, दुकान के अंदर रखा सारा सामान बिखरा पड़ा है और गल्ले में रखे रुपये गायब हैं।
गल्ले से 20 हजार रुपए ले गए चोर
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि वे रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। महाजन को देने के लिए उन्होंने गल्ले में करीब 20 हजार रुपये रखे थे, जिसे चोर लेकर फरार हो गए। इसके अलावा लगभग 10 हजार रुपये मूल्य का घरेलू उपयोगी सामान भी चोरी कर लिया गया।
स्थानीय लोगों ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। लोगों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को चोरी की सूचना देते हुए बढ़ते अपराध पर गहरी चिंता जताई। क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। इसका खामियाजा आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

