Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के प्राइवेट स्कूलों में आगामी सत्र के लिए एंट्री कक्षा के दाखिले की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। अधिकांश स्कूलों में आवेदन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और अब स्कूल प्रशासन प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी में जुटा है। शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सभी स्कूलों को प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लॉटरी सिस्टम अपनाना है, जिसके तहत बच्चों का चयन जनवरी माह में किया जाएगा।

स्कूलों ने शिक्षा विभाग को भेजी सूचना
जानकारी के अनुसार शहर के प्रमुख विद्यालयों ने लॉटरी तिथि तय करते हुए इसकी सूचना शिक्षा विभाग को भेज दी है। डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल में 13 जनवरी को लॉटरी आयोजित होगी, वहीं एमएनपीएस में यह प्रक्रिया 9 जनवरी को पूरी की जाएगी। अब तक कुल 6 स्कूलों ने लॉटरी की तिथि विभाग को उपलब्ध कराई है, जबकि शेष स्कूलों को 24 दिसंबर तक अपनी तिथि भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑब्जर्वर की निगरानी में होगी लॉटरी
शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर लॉटरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए विभागीय ऑब्जर्वर की नियुक्ति की जाएगी, जिससे चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। स्कूलों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि लॉटरी के दौरान अभिभावकों की उपस्थिति की व्यवस्था हो तथा पूरे कार्यक्रम को निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुरूप कराया जाए।
किस स्कूल में कब होगी लॉटरी
- एमएनपीएस : 9 जनवरी
- टैगोर एकेडमी : 7 जनवरी
- डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल : 13 जनवरी
- डीबीएमएस कमदमा स्कूल : 12 जनवरी
- हिलटॉप स्कूल : 15 जनवरी
- सेंट मेरीज इंग्लिश स्कूल : 13 जनवरी
Also Read: NIT Jamshedpur : एनआईटी जमशेदपुर में 12-13 दिसंबर को तीसरा इंडस्ट्री-एकेडेमिया कॉन्क्लेव

