Jamshedpur : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार का एक जून सोमवार को जमशेदपुर आएंगे। वे बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (एमटीएमसी) में आयोजित ग्रेजुएशन सेरेमनी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात संचालन, गार्ड ऑफ ऑनर, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्यपाल का दौरा अत्यंत अहम है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, आगंतुकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। उपायुक्त ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को वीवीआईपी सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी, वीवीआईपी मूवमेंट रूट, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, कंट्रोल रूम, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
मौके पर पुलिस अधीक्षक नगर, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीएसपी ट्रैफिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

