
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने साधु के भेष में चल रहे अवैध गांजा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए सप्लायर समेत दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 7.8 किलोग्राम से अधिक गांजा, गांजा से बनी सिगरेट, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले कई सामान बरामद किए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक को 25 जुलाई की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा (देवघर) स्थित एनएच-33 किनारे काली मंदिर के पास एक गुमटी में अवैध रूप से गांजा छिपाकर रखा गया है और उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर आसपास के लोगों को बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की निगरानी में डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार तथा एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से रौशन कुमार को हिरासत में लिया। गुमटी की तलाशी में 130 ग्राम गांजा, गांजा से भरे 60 तैयार सिगरेट, गांजा पैक करने के लिए बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन तथा बिक्री से प्राप्त 3,060 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में रौशन कुमार ने खुलासा किया कि वह हर सप्ताह दो-तीन बार बोड़ाम थाना क्षेत्र से शंभू महतो उर्फ साधु के पास से गांजा लाकर यहां बेचता था। उसने यह भी बताया कि शंभू महतो बड़े पैमाने पर गांजा की सप्लाई करता है।
रौशन की निशानदेही पर 26 जुलाई को पुलिस ने बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव स्थित शंभू महतो उर्फ साधु के घर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान अलग-अलग पैकेटों में रखा 7.670 किलोग्राम गांजा, गांजा के बीज तथा बिक्री से प्राप्त 5,840 रुपये नकद बरामद किए गए।
इस मामले में एमजीएम थाना में कांड संख्या 84/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रौशन कुमार पहले भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।

