
Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर स्थित गुलमोहर हाई स्कूल ने सीआईएससीई जोनल क्रिकेट चयन ट्रायल्स- 2026 (बालक वर्ग) का सफल आयोजन कर स्कूली खेलों को नई दिशा देने की पहल की है। 24 से 26 जुलाई तक क्रिकेट अकादमी जमशेदपुर कदमा में आयोजित इस तीन दिवसीय चयन ट्रायल्स में 28 सीआईएससीई संबद्ध विद्यालयों के 829 छात्र-खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
यह चयन प्रक्रिया अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की सीआईएससीई जोनल क्रिकेट टीमों के गठन के लिए आयोजित की गई ट्रायल्स के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण, फिटनेस और मैच प्रदर्शन में अपनी क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
चयनकर्ताओं के अनुभवी पैनल ने सभी खिलाड़ियों का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के आधार पर किया। आयोजकों के अनुसार पूरी चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और खेल भावना के अनुरूप संपन्न कराई गई, ताकि सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन सुनिश्चित हो सके।
गुलमोहर हाई स्कूल की प्राचार्या एवं सीआईएससीई जमशेदपुर जोन की जोनल कोऑर्डिनेटर प्रीति सिन्हा ने कहा कि एक ही मंच पर 28 विद्यालयों के 829 युवा क्रिकेटरों को उत्साह और अनुशासन के साथ खेलते देखना बेहद प्रेरणादायक रहा। उन्होंने कहा कि यह ट्रायल्स केवल प्रतिभा चयन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, धैर्य, टीमवर्क और खेल के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का भी अवसर है। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में जोन का बेहतर प्रतिनिधित्व करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस बड़े आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के खेल विभाग, शिक्षकों, सहायक कर्मचारियों, स्वयंसेवकों, चयनकर्ताओं, मैच अधिकारियों तथा क्रिकेट अकादमी जमशेदपुर के प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी के समन्वित प्रयासों से तीनों दिनों तक ट्रायल्स व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
गुलमोहर हाई स्कूल ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सहभागी विद्यालयों, प्राचार्यों, खेल शिक्षकों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय ने दोहराया कि वह भविष्य में भी स्कूली खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने और गुणवत्तापूर्ण खेल अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

