
रांची: भाजपा ने जमशेदपुर के आदित्यपुर में 27 जून को पुलिस की मौजूदगी में करणी सेना से जुड़े हिमांशु सिंह की हत्या के बहुचर्चित मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने हत्याकांड की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में भाजपा ने आरोप लगाया कि पुलिस वैन में शरण लेने के बावजूद अपराधियों ने हिमांशु सिंह को बाहर खींचकर उनकी हत्या कर दी, जबकि मौके पर मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही। पार्टी का आरोप है कि घटना के बाद भी पुलिस निष्पक्ष जांच करने के बजाय मामले को दूसरी दिशा में ले जाने का प्रयास कर रही है। भाजपा ने दावा किया कि घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने के बजाय डीडी बार संचालक नीरज सिंह को बेवजह फंसाया जा रहा है, जबकि वह घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थे।
भाजपा ने कहा कि पीड़ित परिवार, स्थानीय नागरिकों और पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने भी सीबीआई जांच की मांग की है। पार्टी ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर सीबीआई जांच कराने तथा दोषियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
राज्यपाल से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, दिवंगत हिमांशु सिंह के पिता अरविन्द सिंह तथा शंभुनाथ सिंह भी शामिल थे।

