
जमशेदपुर: शहर के चर्चित युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की तफ्तीश के दौरान शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस कस्टडी में मौजूद मुख्य संदेही अशोक सिंह राघव की हालत अचानक बिगड़ गई। चांडिल थाने में पूछताछ के दौरान अशोक सिंह को अचानक खून की उल्टियां होने लगीं। गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उसे तत्काल जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
चार दिनों से चांडिल थाने में चल रही थी रिमांड पर पूछताछ
सोनारी निवासी अशोक सिंह से पुलिस पिछले चार दिनों से चांडिल थाने में लगातार पूछताछ कर रही थी। शनिवार सुबह भी पुलिस टीम हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने के लिए उससे सवाल-जवाब कर रही थी। इसी बीच उसे अचानक तेज उल्टियां होने लगीं और उसके मुंह से खून निकलने लगा। संदेही की बिगड़ी हालत देख थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस की टीम बिना कोई जोखिम उठाए उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बिष्टुपुर स्थित टीएमएच अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल परिसर छावनी में तब्दील, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
अशोक सिंह को टीएमएच के क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से ही अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
पुलिस कस्टडी के दौरान पूछताछ में संदेही की तबीयत इस कदर बिगड़ने पर कई गंभीर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इस पूरे वाकये पर पुलिस के आला अधिकारियों ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। फिलहाल हर किसी की नजर डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट और इस बात पर टिकी है कि इस घटना के बाद निखार सबलोक मर्डर केस की जांच क्या नया मोड़ लेती है।

