Home » Jamshedpur Half Encounter : जमशेदपुर में बिंदल मॉल फायरिंग के शूटर्स से पुलिस की मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दो आरोपियों के पैर में लगी गोली

Jamshedpur Half Encounter : जमशेदपुर में बिंदल मॉल फायरिंग के शूटर्स से पुलिस की मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दो आरोपियों के पैर में लगी गोली

हथियारों का पता लगाने के लिए दोनों गैंगस्टर्स को फागू बाबा श्मशान घाट ले गई थी पुलिस

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur Half Encounter
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडूपी रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों से पुलिस की बुधवार तड़के मुठभेड़ हो गई। दोनों आरोपियों को पुलिस सोनारी के फागू बाबा श्मशान घाट हथियारों की तलाश के लिए लेकर गई थी। तभी मौका पा कर एक आरोपी ने पुलिस कर्मी का पिस्टल छीन कर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। घायल आरोपियों में अजीत मंडल और मोहन यादव हैं। दोनों के पैर में दो-दो गोलियां लगी हैं। दोनों आरोपी शहर के खतरनाक गैंगस्टर हैं।

घटना बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे सोनारी स्थित फागु बाबा मंदिर के पास हुई। पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट में फायरिंग के मामले में गिरफ्तार अजीत मंडल और मोहन यादव को हथियार बरामद करने के लिए मरीन ड्राइव स्थित फागु बाबा मंदिर के पास ले जाया गया था। इसी दौरान मौका देखकर अजीत मंडल ने एक पुलिस जवान का पिस्तौल छीन लिया और पुलिस टीम पर अचानक तीन राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों पर गोली चलाई। पुलिस की फायरिंग में अजीत मंडल और मोहन यादव घायल हो गए।

दोनों आरोपियों के पैर में दो-दो गोलियां लगी हैं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, सिटी एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों को हथियार बरामदगी के लिए घटनास्थल के पास लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस का हथियार छीनकर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि रेस्टोरेंट फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और अन्य आपराधिक गतिविधियों से आरोपियों का क्या संबंध है।

गौरतलब है कि बिंदल मॉल फायरिंग मामले में इन बदमाशों ने झामुमो नेता डोमिनिक सैमसन समेत चार लोगों को गोली मारकर घायल कर दिया था। सभी घायलों को पुलिस ने बिष्टुपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया था, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के चार साजिशकर्ताओं को पुलिस छत्तीसगढ़ के रायपुर से ट्रांजिट रिमांड पर लाई थी और जेल भेज दिया था। यह चारों साजिशकर्ता रायपुर टोल प्लाजा पर तब पकड़े गए थे, जब वह घटना के बाद कार से भाग रहे थे।

Read Also- Jamshedpur News: एमजीएम अस्पताल में बाइक चोरी के बाद सख्ती, बिना लॉक मिले 7 वाहन जब्त; पुलिस ने दी चेतावनी

Related Articles

Leave a Comment