Jamshedpur : जमशेदपुर में साकची थाना अंतर्गत हाथी घोड़ा मंदिर के पास एक गैरेज में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गैरेज (वर्कशॉप) में अचानक भीषण आग लगी थी। आग की लपटें काफी तेज थीं। इससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गैरेज के अंदर एक कार खड़ी थी, जो आग की चपेट में आ गई। कार में आग लगते ही लपटें और भी तेज़ हो गईं।
इससे देखते ही देखते पूरा गैरेज आग की जद में आ गया।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक गैरेज और उसमें खड़ी कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
आग लगने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।आग लगने की सूचना मिलने पर साकची थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

