Jamshedpur : जमशेदपुर में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने सिविल सर्जन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम बोर्ड गठित किया जाए और पूरी प्रक्रिया वीडियोग्राफी की निगरानी में कराई जाए, ताकि मौत के असली कारणों का निष्पक्ष खुलासा हो सके।
मृतक रेयान आलम के परिजनों ने डॉक्टर अशरफ बदर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार इलाज के दौरान दिए गए एक इंजेक्शन के तुरंत बाद रेयान की तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिवार इसे स्पष्ट तौर पर चिकित्सकीय लापरवाही का मामला मानते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सभी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का कहना है कि जब तक संबंधित डॉक्टर और क्लिनिक के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए जाते, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा।इस दौरान बन्ना गुप्ता ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले की पूरी पारदर्शिता के साथ जांच होगी और दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि मेडिकल लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

