Jamshedpur : जमशेदपुर के आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में रविवार की रात कपाली के रहने वाले राजन खान पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया। घटना जवाहर नगर रोड नंबर 12 के पास की है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घायल राजन खान ने बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे वह करलोस जैस्मिन फ्लैट, रोड नंबर 12 स्थित अपने दोस्त शारिक के घर जा रहे थे।
कार से बाहर आते ही चली तलवार
जैसे ही उन्होंने अपनी कार पार्क कर बाहर कदम रखा, तभी वहां पहले से मौजूद मोहम्मद नईम नामक युवक तलवार लहराते हुए दिखा।राजन ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में था और अचानक उनके पास पहुंचकर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब 20 से 25 बार वार करने की कोशिश की। हालांकि, राजन खान ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह खुद को बचाया और तुरंत कार के अंदर जाकर अपनी जान बचाई।
आरोपी को पुलिस ने लिया हिरासत में
घटना के तुरंत बाद उन्होंने आज़ाद नगर थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मोहम्मद नईम को हिरासत में लेकर थाना ले आई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।पीड़ित का कहना है कि वह आरोपी को पहले से नहीं जानते थे और उनका उससे कोई संबंध नहीं था। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी है और उसकी हरकतों से इलाके के लोग पहले से ही परेशान थे।पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

