Jamshedpur : टाटा स्टील के संस्थापक दिवस की तैयारी जोर-शोर से चल रही है यह संस्थापक दिवस 3 मार्च को मनाया जाएगा। बताया जा रहा है कि जुबली पार्क में सजावट का काम शुरू कर दिया गया है। साथ ही बैरीकेडिंग भी की जा रही है। संस्थापक दिवस समारोह को लेकर 21 फरवरी से 7 मार्च तक जुबली पार्क बंद रहेगा। जुबली पार्क में आम लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

इस दौरान जुबली पार्क के अंदर सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, रंग रोगन और विद्युत साज सज्जा का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाएगा।
हर साल की तरह इस साल भी जुबली पार्क को आकर्षक रोशनी की सजावट से सजाया जाएगा। इस बार भी थीम आधारित सजावट होगी। पूरे जुबली पार्क परिसर में एलईडी लाइटिंग, रंग-बिरंगे सजावटी फव्वारे आदि का प्रबंध किया जा रहा है। इसके अलावा विशेष प्रवेश द्वार तैयार किए जाएंगे।
2 मार्च से शुरू हो जाएगी लाइटिंग
2 मार्च को लाइटिंग शुरू कर दी जाएगी। इस दिन लाइटिंग की टेस्टिंग भी होगी। टेस्टिंग में टाटा स्टील के बड़े-बड़े अधिकारी रहेंगे। 2 मार्च की शाम से ही जुबिली पार्क आम लोगों के प्रवेश के लिए खोल दिया जाएगा और लोग जुबली पार्क के अंदर जाकर खूबसूरती का आनंद ले सकेंगे।
होली के दिन बंद रहेगी विद्युत साज-सज्जा
बताया जा रहा है कि 4 मार्च को होली है। इस दिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लाइटिंग बंद रहेगी। इसके बाद पांच और छह मार्च को फिर से विद्युत साज सज्जा शुरू कर दी जाएगी। पर्यटक सात मार्च तक लाइटिंग का आनंद ले सकेंगे। गौरतलब है कि संस्थापक दिवस के मौके पर जमशेदपुर ही नहीं आसपास के इलाकों से भी लोग जुबली पार्क में लाइटिंग देखने के लिए आते हैं। इसके लिए जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा के इंतजाम शुरू कर दिए हैं। ट्रैफिक पुलिस को जुबली पार्क के आसपास तैनात रहकर यातायात को पटरी पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि इस साल भी जुबली पार्क के अलावा शहर के कई चौक चौराहों और गोल चक्करों को भी सजाया जाएगा।
Read Also- Palamu News : एसीबी ने पलामू में 6000 रिश्वत लेते रोजगार सेवक को किया गिरफ्तार

