RANCHI: आरपीएफ पोस्ट हटिया ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हटिया रेलवे स्टेशन से अवैध शराब की खेप बरामद की है। आरपीएफ रांची के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर गुरुवार को हटिया स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1 और 2 पर सघन जांच अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने और एक लावारिस बैग की जांच में कुल 85 बोतल शराब बरामद की गई। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,02,000 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के क्रम में नवजीत कुमार अरवल बिहार, मुकेश कुमार सिंह रांची और महेश सोनी रांची को गिरफ्तार किया गया। वहीं, स्टेशन के मुख्य द्वार के पास 18 बोतल शराब लावारिस हालत में भी मिली।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शराब को रांची से खरीदकर ट्रेन संख्या 18624 हटिया इस्लामपुर एक्सप्रेस से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहे थे। बरामद शराब को जब्त कर आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग रांची को सौंप दिया गया।इस अभियान में आरपीएफ टीम के अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही। टीम में आरपीएफ पोस्ट हटिया के निरीक्षक रूपेश कुमार, उप निरीक्षक दीपक कुमार, उप निरीक्षक उज्ज्वल कुमार, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार और स्टाफ बसंत सोय, राजेश रौशन, दिनेश प्रसाद, बसंती कुमारी, निधि कुमारी समेत अन्य शामिल थे।

