
Jamshedpur : सोनारी थाना क्षेत्र के संगम विहार इलाके में गुरुवार को घरेलू गैस पाइपलाइन में रिसाव होने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही गेल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तत्काल कार्रवाई करते हुए गैस आपूर्ति बंद कर रिसाव को नियंत्रित कर लिया। सुरक्षा के मद्देनजर करीब 40 से 50 घरों की गैस सप्लाई लगभग एक से डेढ़ घंटे तक बंद रखी गई।
थर्ड पार्टी के काम के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन
बताया जा रहा है कि इलाके में थर्ड पार्टी की ओर से काम किया जा रहा था। इसी दौरान घरेलू गैस सप्लाई की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही गेल की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की जांच शुरू की। गेल कर्मचारियों ने बताया कि पाइपलाइन में मामूली लीकेज था, जिस पर समय रहते काबू पा लिया गया। प्रभावित पाइपलाइन घरेलू गैस आपूर्ति की ब्रांच लाइन बताई जा रही है।
सुरक्षा के लिए बंद की गई गैस सप्लाई
एहतियात के तौर पर आसपास के करीब 40 से 50 घरों की गैस सप्लाई तत्काल बंद कर दी गई। विजय गोल्डन सोसाइटी के लोगों को भी गैस रिसाव की जानकारी दी गई। कर्मचारियों ने करीब एक घंटे तक सप्लाई बंद रखकर मरम्मत और रिसाव नियंत्रित करने का काम किया।
32 एमएम की ब्रांच लाइन में था मामूली रिसाव
गेल कर्मचारी के अनुसार, घरेलू गैस की करीब 32 एमएम की ब्रांच लाइन में रिसाव हुआ था। रिसाव गंभीर नहीं था और टीम की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद प्रभावित घरों में गैस सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।


