Home » Ghatshila News: सावन मिलन समारोह में 108 दीपों से जगमगाया जगन्नाथ मंदिर प्रांगण, गीत-संगीत और खेलों में झूमीं महिलाएं

Ghatshila News: सावन मिलन समारोह में 108 दीपों से जगमगाया जगन्नाथ मंदिर प्रांगण, गीत-संगीत और खेलों में झूमीं महिलाएं

by The Photon News Desk
Ghatshila News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ghatshila : श्री जगन्नाथ महिला समिति की ओर से गुरुवार को जगन्नाथ मंदिर परिसर में सावन मिलन समारोह का आयोजन श्रद्धा, उमंग और उल्लास के साथ किया गया। समारोह में समिति से जुड़ी दर्जनों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सावन के रंग में रंगी महिलाएं हरे रंग की पारंपरिक साड़ियों में सज-धजकर पहुंचीं और एक-दूसरे को सावन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। महिलाओं ने सामूहिक रूप से 108 दीप प्रज्वलित कर भगवान जगन्नाथ एवं मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। मां लक्ष्मी का श्रृंगार कर उन्हें चुनरी अर्पित की गई, वहीं चतुर्धा मूर्ति पर माल्यार्पण कर भोग लगाया गया।

इसके बाद महिलाओं ने ‘ॐ जय जगदीश हरे’ और ‘ॐ जय लक्ष्मी माता’ की आरती सामूहिक रूप से गाई। आरती के दौरान पूरा मंदिर प्रांगण भक्तिमय वातावरण में डूब गया। आरती के बाद बिना माइक के महिलाओं ने सामूहिक रूप से ‘जगन्नाथ चका नयन, नीलाचल वारे’ भजन का गायन किया।

धार्मिक कार्यक्रम के साथ सावन मिलन को मनोरंजक बनाने के लिए पारंपरिक सावन गीत, नृत्य और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। महिलाओं ने गीत-संगीत पर उत्साह के साथ भाग लिया। म्यूजिकल चेयर रेस समेत कई मनोरंजक खेलों में महिलाओं ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान हंसी-खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।

समिति की महिलाओं ने कहा कि सावन मिलन जैसे आयोजन महिलाओं को आपस में जुड़ने, भारतीय परंपराओं और त्योहारों की खुशियां साझा करने का अवसर देते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से श्रद्धा, संस्कृति, आपसी मेल-जोल और सौहार्द का संदेश दिया गया। सामूहिक पूजा, भजन, गीत-संगीत और खेलों के साथ सावन मिलन समारोह यादगार बन गया।

Read Also: Ghatshila News: फ्रेशर्स वीक के तीसरे दिन विद्यार्थियों ने किया जुंबा का अभ्यास, पेंटिंग प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा

Related Articles

Leave a Comment