
Jamshedpur : गोलमुरी चौक की जर्जर और अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आजसू पार्टी के प्रेस प्रवक्ता अप्पू तिवारी गुरुवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। गोलमुरी चौक पर धरना देते हुए उन्होंने कहा कि इलाके की यातायात व्यवस्था बेहद खराब हो चुकी है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।
अप्पू तिवारी ने कहा कि गोलमुरी चौक शहर के व्यस्ततम चौकों में शामिल है, लेकिन यहां ट्रैफिक नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
उन्होंने मांग की कि गोलमुरी चौक की ट्रैफिक व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
भूख हड़ताल की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और अप्पू तिवारी से वार्ता की। प्रशासन की ओर से उचित आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर दिया। इस दौरान उनके समर्थक भी मौके पर मौजूद रहे और मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।


